गोपालपुर डैम में 17 टुकड़ों में मिली युवक के लाश की शिनाख्त हो गई,सऊदी अरब में सेफ्टी ऑफिसर था मृतक, भाई ने की पहचान

गोपालपुर डैम में 17 टुकड़ों में मिली युवक के लाश की शिनाख्त हो गई,सऊदी अरब में सेफ्टी ऑफिसर था मृतक, भाई ने की पहचान

July 12, 2024 Off By NN Express

कोरबा, 12 जुलाई। पाली थाना की चैतमा चौकी क्षेत्र में गोपालपुर डैम में 17 टुकड़ों में मिली युवक के लाश की शिनाख्त हो गई है। बड़े भाई के साथ पड़ोसियों ने कटघोरा अस्पताल के मच्युरी में पहुंचकर शव की शिनाख्त की। मृतक ढाई साल से सऊदी अरब में एक कंपनी में सेफ्टी ऑफिसर था। उसके साथ उसका बड़ा भाई भी काम करता था। इधर, पुलिस मामले में हत्या करने वालों के करीब पहुंच गई है। बिलासपुर से इसके तार जुड़े हो सकते हैं। पुलिस ने अभी खुलासा नहीं किया है।

चैतमा चौकी के गोपालपुर जलाशय में बुधवार सुबह पानी छोड़ने के लिए गेट खोलने पहुंचे ग्रामीणों ने संदिग्ध हालत में बैग पड़ा हुआ देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई तो कटा हुआ मानव शरीर का अंग मिला। बाद में गोताखोरों ने जलाशय से तीन बोरियां निकाली, जिसमें 17 टुकड़ों में शरीर के अंग मिले। सिर, धड़, हाथ, पैर समेत शरीर के कई अंगों के टुकड़े किए गए थे। बोरी में पासपोर्ट और कुछ दस्तावेज मिले। जिससे पुलिस मृतक के परिजन तक पहुंची। मृतक का नाम मो. वसीम अंसारी, पता रांची झारखंड लिखा था। ए​िडशनल एसपी नेहा वर्मा के नेतृत्व में टीम जांच में जुट गई। उसके परिजन दोपहर में कोरबा पहुंचे। इनमें उसका बड़ा भाई मो. तहसीन, पड़ोसी शहबाज, मो. हैदर और शाहिद अनवर थे। उन्होंने चैतमा चौकी प्रभारी चंद्रपाल खांडे की मौजूदगी में शव की शिनाख्त की। उसके भाई ने बताया हम रांची के लोवर बाजार थाना क्षेत्र में राजा कॉलोनी कांटाटोली के रहने वाले हैं। तीन भाई व एक बहन हैं। पिता का इंतकाल हो चुका है। मां साथ में है। तीन भाइयों में मो. वसीम सबसे छोटा था। वह अपने बड़े भाई मो. मोहसिन के साथ सऊदी अरब में रहता था। अंतिम बार उससे 2 जुलाई को हाल-चाल जानने बात हुई थी। घटना की जांच कर रही पुलिस को मृतक का सोशल मीडिया के जरिए बिलासपुर के किसी युवती से संबंध होने का पता चला है। साथ ही मोपका बिलासपुर के एक ढाबा में खाना खाने भी पहुंचे थे। इसके बाद ही उसकी हत्या की गई है। सोशल मीडिया के आधार पर ही पुलिस आरोपियों तक पहुंची है। इसका खुलासा शुक्रवार को होगा।

सोशल मीडिया में युवती से दोस्ती मोपका के ढाबा में खाना खाया पासपोर्ट मृतक का ही निकला, पता भी सही बोरी में शव के टुकड़े के साथ जो पासपोर्ट मिला था, वह मृतक वसीम अंसारी का ही था। जिसके कारण पुलिस को भी उसका पता ढूंढने और परिजनों तक पहुंचने में मदद मिली। पुलिस पहले पूरा पता नहीं बता रही थी। बताया जाता है कि पुलिस ने नेशनल हाइवे में टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला। जिसमें यह देखा गया कि कौन सा वाहन कितने घंटे में वापस आया है।

हत्या के मामले में जल्द होगा खुलासा: चौकी प्रभारी ^चैतमा चौकी प्रभारी चंद्रपाल खांडे का कहना है कि मामले की जांच जारी है। इसमें महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। यह मामला हत्या का है। यह स्पष्ट है। इस मामले में जल्द खुलासा होने की संभावना है।

वसीम की शादी करने लड़की ढूंढ रहे थे परिजन मृतक के बड़े भाई मो. तहसीन ने बताया कि वसीम की शादी के लिए तैयारी कर रहे थे। उसके लिए लड़की ढूंढ रहे थे। लेकिन उसकी मौत की खबर आ गई। इससे उनका पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। सपने में भी नहीं सोचे थे कि भाई से इस तरह मुलाकात होगी। उसके शव के टुकड़े देखकर दिल सिहर उठा। जो भी हत्यारे हैं उन्हें कड़ी सजा मिले। अब उसके शव को सुपुर्द ए खाक करने के लिए साथ लेकर जाएंगे।

फ्रेंडशिप से जुड़ा हो सकता है मामला, कई सुराग मिले इस जघन्य हत्या की जांच में जुटी पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग बुधवार को ही मिल गए थे। यह एक फ्रेंडशिप से जुड़ा मामला है। इसी वजह से वसीम वापस लौटा तो परिजनों को जानकारी नहीं दी। वह कुछ स्थानों पर घूमने भी गया था। लेकिन लौटा तो यह हश्र हो गया। जिसमें उसके करीबी लोगों ने ही मिलकर पहले हत्या की और उसके बाद टुकड़े-टुकड़े में अंग को काटकर बोरी में भरा और जलाशय में फेंक दिया।