SECL प्रबंधन पर गंभीर आरोप, कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड की टीम ने खदान और अस्पताल का लिया जायजा

SECL प्रबंधन पर गंभीर आरोप, कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड की टीम ने खदान और अस्पताल का लिया जायजा

August 18, 2022 Off By NN Express

कोरबा,18 अगस्त । कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड की टीम SECL अधिकारियों के साथ कोरबा के रजगामार खदान पहुंची और पिछले महीने हुए हादसे की जानकारी ली। टीम ने विभागीय अस्पताल का भी निरीक्षण किया। कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड के सदस्य अख्तर जावेद उस्मानी ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि जिले में संचालित विभागीय अस्पताल की स्थिति काफी खराब है। साथ ही उन्होंने 5 जुलाई 2022 को रजगामार कोल परियोजना में बंकर के गिरने से हुई मजदूर की मौत को काफी दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

SECL की रजगामार कोल परियोजना में बंकर गिरने से 48 वर्षीय कर्मचारी राधेश्याम की मौत हो गई थी। जिस वक्त SECL कर्मी राधेश्याम बंकर के ऊपर काम कर रहा था, वहीं नीचे में एक ट्रेलर खड़ा खा, जिस पर कोयला लोड होना था। उसी दौरान बंकर का बड़ा हिस्सा गिर गया। इससे वो उसके नीचे दब गया था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। अब जब कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड के सदस्य अख्तर जावेद उस्मानी ने खदानों और अस्पतालों का जायजा लिया, तो वे व्यवस्था से खासे नाराज नजर आए। उन्होंने कहा कि जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी होने के साथ ही सुविधाओं के नाम पर कोल कर्मियों के साथ भद्दा मजाक किया जा रहा है।