दो गुटों में आपसी विवाद में चली गोली, दो युवक घायल

दो गुटों में आपसी विवाद में चली गोली, दो युवक घायल

June 27, 2024 Off By NN Express

भिलाई । बीती रात्रि ग्लोब चौक से सेक्टर सात जाने वाले मार्ग में दो गुटो अमित जोश ग्रुप और स्टैंलिन ग्रुप के आपसी विवाद में एक ग्रुप ने गोली चला दी जिसमें दो युवक घायल हो गये है।  उन्हें मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि गोली अमित जोश ग्रुप ने चलाई है।  जानकारी के मुताबिक अमित जोश सेक्टर 6 का रहने वाला है और निगरानी बदमाश है। वो आदतन बदमाश है। उसके दुर्ग भिलाई के अलग-अलग थानों में कई मारपीट व अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं। जोश ग्रुप का वहीं के स्टैंलिन ग्रुप के साथ पुराना विवाद है।

स्टैंलिन ग्रुप में रोशन स्टैंलिन के साथ प्रखर चंद्राकर और मुकुल सोना जैसे लोग जुड़े हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले रोशन स्टैलिंन ने अमित जोश के बहनोई लक्की को ब्लेड मारा था। उसे 7-8 टांके भी लगे थे। इसके बाद से उनके बीच विवाद बढ़ गया था। 25 जून को अमित जोश की एनवर्सरी थी। वहां पार्टी करने के बाद देर रात 1-2 बजे के बीच जोश और उसका एक साथी बाइक से घूमने निकले थे। वो लोग जैसे ही ग्लोब चौक के आगे पहुंचे उन्हें बाइक में तीन लड़के दिखे। ये लड़के दूसरे ग्रुप के बताए जा रहे हैं, जो बाहर से आए थे। उन्हें देखकर जोश ने उनके ऊपर गोली चला दी। गोली दो लड़कों को लगी। इसके बाद जोश वहां से भाग गया। सूचना पाकर भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घायलों को सेक्टर 9 अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें रायपुर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों का इलाज रायपुर मेकाहारा में चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बीएसपी क्वार्टर कब्जा कर देते हैं किराया से अमित जोश और स्टैलिंग ग्रुप दोनों भिलाई नगर एरिया में सक्रिय हैं। इनका मूल काम बीएसपी क्वार्टर में कब्जा करके उन्हें किराया पर चढ़ाना है। इससे ये लोग काफी अच्छी कमाई कर लेते हैं। इनके डर से बीएसपी के अधिकारी भी उन क्वार्टर में कार्रवाई करने से डरते हैं, जिन पर इनका कब्जा है। दुर्ग सेंट्रल जेल के असिस्टेंट जेलर के घर किया था हमला दो साल पहले दुर्ग केंद्रीय जेल में पदस्थ असिस्टेंट जेलर अशोक साव के घर देर रात कुछ हथियार बंद नकाबपोशों ने हमला किया था।

उन्होंने साव के घर का दरवाजा तोडऩे की कोशिश की। परिजनों ने पद्मनाभपुर पुलिस को फोन किया। पुलिस ने इस मामले में कुख्यात बदमाश अमित जोश को गिरफ्तार किया था। एक महीने पुहले भिलाई नगर पुलिस ने किया था गिरफ्तार अमित जोश को भिलाई नगर पुलिस ने बीते 4 जून को गिरफ्तार किया था। 30 अप्रैल 2024 को जुनवानी निवासी गरिमा साहू ने भिलाई नगर थाने में उसने 3 मई 2024 को शिकायत दर्ज कराई थी कि अमित जोश सुबह 7 बजे उसके घर में जबरदस्ती घुस गया और मां बहन की गंदी गंदी गालियां देने लगा। मना करने पर उसने हथियार के बल पर लड़की के साथ बुरी तरह मारपीट भी की थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। अमित जोश के खिलाफ  हत्या, लूट व अन्य अपराधों के करीब 49 मामले दुर्ग जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।