छत्तीसगढ़: कोरबा समेत 21 जिलों में आज लू का यलो अलर्ट,भीषण गर्मी में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 6; बस्तर संभाग में बूंदाबांदी के आसार

छत्तीसगढ़: कोरबा समेत 21 जिलों में आज लू का यलो अलर्ट,भीषण गर्मी में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 6; बस्तर संभाग में बूंदाबांदी के आसार

June 1, 2024 Off By NN Express

रायपुर।प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी में मरने वालों की संख्या 6 हो गई है। शुक्रवार को बिलासपुर में 2 और जांजगीर-चांपा में एक भिखारी की मौत हो गई। वहीं, मौसम विभाग ने 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया था, इसका असर भी देखने को मिला। रात 9 बजे तक हीट वेव चलती रही। आज 21 जिलों में लू का यलो अलर्ट है। बस्तर संभाग में बूंदाबांदी के आसार हैं।

रायपुर, दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले में हीट इंडेक्स 50-60°C है। वहीं, बाकी सभी जिलों में हीट इंडेक्स 40-50°C के बीच है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रायगढ़ में 47.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बिलासपुर में 46.8 और रायपुर में पारा 46.4 डिग्री। 10 जिलों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके अगले 3 दिन बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। वहीं, आज भी प्रदेश के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में हीट वेव का असर महसूस होगा।

मौसम विभाग ने आज सरगुजा, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, मोहला-मानपुर- अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, रायपुर, बलोदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा और कबीरधाम जिले में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है।

बिलासपुर में भीषण गर्मी में उमस और हीट वेव ने लोगों को बेहाल कर दिया है। वहीं, लू से अब परिंदे भी झुलसने लगे हैं। लगातार बढ़ रही गर्मी और तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मई के आखिरी दिन पारा 46.8 डिग्री तक पहुंच गया, यह सीजन और इस महीने का सबसे गर्म दिन रहा।

बिलासपुर में अब दिन के साथ ही रात में भी भीषण गर्मी का असर दिख रहा है। सुबह 11 बजे के बाद गर्म हवाओं के चलते घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। हालत यह है कि पिछले तीन दिनों में हीट वेव की चपेट में आकर तीन लोगों की मौतें हो चुकी है। वहीं, लू लगने से अस्पतालों में मरीजों की भीढ़ भी बढ़ने लगी है।

संभाग के रायगढ़ जिले में शुक्रवार को तापमान 47.3 डिग्री और बिलासपुर में 46.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वही मुंगेली में 46.4, कोरबा में पारा 44 डिग्री रहा। बिलासपुर में दिन का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा रहा।

बस्तर संभाग में आज मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक बस्तर, कोंडागांव, सुकमा में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं, 4 जून तक बस्तर में प्री मानसून का असर देखने को मिलेगा। संभाग के लगभग सभी जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।