बालाजी ट्रेवल्स की बस सारंगपुर रोड पर बने ओवरब्रिज से नीचे गिर गई,हादसे में 2 लोगों की मौत,52 से अधिक यात्री घायल

बालाजी ट्रेवल्स की बस सारंगपुर रोड पर बने ओवरब्रिज से नीचे गिर गई,हादसे में 2 लोगों की मौत,52 से अधिक यात्री घायल

May 21, 2024 Off By NN Express

0.शराबी ड्राइवर…मोबाइल का दीवाना… यात्रियों की जान का बना दुश्मन


राजगढ़, 21 मई 2024
। इन्दौर से अशोक नगर जा रही बालाजी ट्रेवल्स की बस पचोर के निकट रात लगभग डेढ़ बजे सारंगपुर रोड पर बने ओवरब्रिज से नीचे गिर गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 52 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जाता है कि बस का ड्राइवर शराब पीए हुए था और बार-बार मोबाइल देख रहा था। उसकी लापरवाही की वजह से दो यात्रियों की जान चली गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं।

बस में सवार महिला यात्री हीरा प्रजापति ने बताया कि बस ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। वो बार-बार मोबाइल देख रहा था। देवास-मक्सी के बीच में बस एक होटल पर एक घंटे के लिए रुकी थी। ड्राइवर ने दो बार पहले बस रोकी, तीसरी बार बस नीचे गिर गई। जैसे ही हादसा हुआ दो लडक़े मेरे ऊपर आकर गिर गए। बस में सवार सभी यात्री घायल हुए हैं। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। बस में अधिकांश यात्री गुना और अशोक नगर के हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

शाजापुर से घायलों को इंदौर रेफर किया
थाना प्रभारी ने बताया कि हरिओम पिता हसरत सिंह कुशवाह निवासी भटोली अशोकनगर और एक अज्ञात की मौके पर ही मौत हो गई है। उसकी उम्र लगभग 30 साल है। पचोर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद 22 घायलों को शाजापुर रेफर किया गया, वहीं 22 गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया है। इनमें से 5 यात्री इंदौर के ही निवासी बताए जाते हैं।