दिल्ली से 58 महिला हज यात्री बिना महरम के मदीना रवाना

दिल्ली से 58 महिला हज यात्री बिना महरम के मदीना रवाना

May 12, 2024 Off By NN Express

नई दिल्ली । हज 2024 के लिए भारतीय हज यात्रियों का 10 इम्बार्केशन पॉइंट से प्रस्थान जारी है। रविवार 12 मई 2024 को दिल्ली इम्बार्केशन के आईजीआई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से सउदीया एयरलाइंस के दो विमानों मे लगभग 800 हज यात्री मदीना के लिए रवाना हुए। इन यात्रियों में बिना महरम के 58 महिला भी हज बैतुल्लाह के लिए रवाना हुईं।

गौरतलब है कि अल्पसंख्यक मामलों और महिला एवं बाल मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रधानमंत्री की महिला अधिकार नीति को और मजबूत करते हुए 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को बिना महरम अकेले हज पर जाने का अवसर प्रदान किया है। इस नीति के तहत 2024 में 4665 महिलाएं अकेले हज कर सकेंगी।

हज यात्रियों में सबसे ज्यादा संख्या केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की महिलाओं की है। इस अवसर पर हज कमेटी आफ़ इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारीयों विशेष कर महिला कर्मचारीयों ने आईजीआई हवाई अड्डे पर हज यात्रियों, विशेषकर बिना महरम वाली महिला हज यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।

सीईओ डॉ. लियाकत अली अफाकी, डिप्टी सीईओ नजीम अहमद के साथ महिला स्टाफ ने फूल और चॉकलेट देकर रुखसत किया। डॉ. अफाकी ने इस अवसर पर सभी हज यात्रियों से भारत सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।उन्होंने कहा कि धैर्य रखें और उन कमियों को नज़रअंदाज़ करें जो तमाम प्रयासों के बावजूद रह जाती हैं। हज की इबादत में मशगूल रहें और दुआ करें कि पूरे विश्व खासकर हमारे देश भारत मे शांति, व्यवस्था, मानवता और भाईचारे का माहौल स्थापित रहे।