धोनी की दीवानगी में सुरक्षा घेरा तोड़कर बीच मैदान पर पहुंचना एक फैन को पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

धोनी की दीवानगी में सुरक्षा घेरा तोड़कर बीच मैदान पर पहुंचना एक फैन को पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

May 12, 2024 Off By NN Express

अहमदाबाद, 12 मई 2024। धोनी की दीवानगी में सुरक्षा घेरा तोड़कर बीच मैदान पर पहुंचना एक फैन को महंगा पड़ गया। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, आईपीएल 2024 का 59वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया था। इस मैच में एक शख्स सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर धोनी के करीब पहुंच गया था।

धोनी को गले लगाता शख्स – फोटो : IPL

धोनी की मोहब्बत में बीच मैदान पर पहुंचा फैन
इस मुकाबले को गुजरात ने 35 रन से जीता था। चेन्नई की पारी के 20वें ओवर में थाला क्रीज पर थे। वह राशिद खान के खिलाफ छक्का लगा चुके थे। तभी एक फैन स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देते हुए मैदान पर घुस आया। धोनी के करीब आते ही इस शख्स ने उनके सजदे में सिर झुकाया जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। इसके बाद स्टार क्रिकेटर ने उसे उठाया और गले लगाया। धोनी के इस कारनामे ने फैंस का दिल जीत लिया। इस घटना की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।

धोनी के पैर छूता शख्स – फोटो : IPL

बीए अंतिम वर्ष का छात्र
जानकारी के मुताबिक, स्टेडियम में घुसने वाले इस फैन की पहचान जय भारत के रूप में हुई है। वह गुजरात के भावनगर का रहने वाला है। मौजूदा समय में पढ़ाई कर रहा है और बीए अंतिम वर्ष का छात्र है।

पुलिस का बयान
इस मामले के विषय में बात करते हुए अहमदाबाद के एसीपी दिग्विजय सिंह राणा ने शनिवार को बताया कि आरोपी छात्र के खिलाफ अतिक्रमण और अवैध प्रवेश का मामला दर्ज किया गया है। राणा ने कहा, “कल गुजरात टाइटंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मुकाबले के दौरान एक कॉलेज छात्र मैदान में कूद पड़ा था और उसने कुछ देर तक दौड़ भी लगाई थी। यह वाक्या ब्रेक के दौरान दिखा, जब आरोपी ने धोनी से मिलने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद कांस्टेबलों ने उसे पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में हमने पाया है कि उसका मैदान में कोई अपराध करने का इरादा नहीं था। यही वजह है कि हमने उसके खिलाफ मैच के दौरान अतिक्रमण और अवैध प्रवेश का मामला दर्ज किया है।”