मतदान के बाद साफ हो गया भाजपा से ज्यादा सीटें जीतेंगे : दीपक बैज

मतदान के बाद साफ हो गया भाजपा से ज्यादा सीटें जीतेंगे : दीपक बैज

May 7, 2024 Off By NN Express

तीसरे चरण के बाद कांग्रेस ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया

रायपुर । तीसरे चरण के मतदान के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भीषण गर्मी की परवाह नहीं करते हुये अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य को मतदान करके निभाया यह छत्तीसगढ़ के मतदाताओं की अपने प्रजातांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता को दिखाता है। कांग्रेस पार्टी सभी मतदाताओं का अभिनंदन करती है। तीसरे चरण के साथ ही राज्य के सभी 11 लोकसभा सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। सभी 11 सीटों पर कांग्रेस के जीत की संभावनायें प्रबल है। कांग्रेस भाजपा से ज्यादा सीटें जीत रही है।

दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने बदलाव के लिये मतदान किया है। जनता ने महंगाई, बेरोजगारी, वादाखिलाफी के विरोध मतदान किया। आज मतदान हुये सभी 7 लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के पक्ष में रूझान साफ दिख रहा था। लोग मोदी सरकार की विदाई के लिये भीषण गर्मी में अपने घरों से निकलकर मतदान केन्द्रों तक आये और कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। पहले दो चरणों से ही साफ हो गया था प्रदेश की जनता में मोदी सरकार के लिये आक्रोश है। तीसरे और अंतिम चरण में मतदाताओं के रूख ने पुख्ता कर दिया कि राज्य की जनता मोदी सरकार के 10 साल के कुशासन और वादाखिलाफी से परेशान है। जनता ने अपने मतदान की शक्ति से देश के हालात को बदलने का मन बना लिया था और मतदान केंद्र पहुंचकर भाजपा सरकार के खिलाफ वोट किया।