आईपीएल 2024 : अपनी पारी की पहली 3 गेंदों पर लगातार छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने धोनी

आईपीएल 2024 : अपनी पारी की पहली 3 गेंदों पर लगातार छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने धोनी

April 16, 2024 Off By NN Express

मुंबई। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में फैंस को महेंद्र सिंह धोनी का बल्ले से फिर वही पुराना अंदाज देखने को मिला। चेन्नई सुपर किंग्स टीम के पूर्व कप्तान धोनी ने सिर्फ 4 गेंदों का सामना किया लेकिन इसमें से उन्होंने पहली 3 गेंदों को स्टैंड में बैठे फैंस के पास पहुंचाया। महेंद्र सिंह धोनी जब इस मुकाबले में बल्लेबाजी करने उतरे तो उस समय चेन्नई सुपर किंग्स 20वें ओवर की दूसरी गेंद तक 186 रन बना लिए थे। धोनी ने स्ट्राइक लेने के साथ अपनी पारी की पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ की तरफ छक्का लगाया, इसके बाद उन्होंने दूसरी गेंद को लॉन्ग ऑन की तरफ पूरी ताकत से मारते हुए गेंद को फिर छक्के के लिए पहुंचा दिया, जबकि तीसरी गेंद को धोनी ने वाइड लॉन्ग ऑन की तरफ बल्ला घुमाते हुए उसे फिर फैंस के बीच पहुंचा दिया। हालांकि आखिरी गेंद पर धोनी सिर्फ 2 रन ही बनाने में कामयाब हो सके। इस तरह धोनी आईपीएल इतिहास में अब पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने अपनी पारी की पहली 3 गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाए हैं। इससे पहले आईपीएल में सिर्फ 2 ही खिलाड़ी ऐसा करने में कामयाब हो सके हैं और दोनों ही वेस्टइंडीज के हैं।