राहुल गांधी पर PM मोदी का पलटवार, ‘शक्ति के लिए जान की बाजी लगा दूंगा’

राहुल गांधी पर PM मोदी का पलटवार, ‘शक्ति के लिए जान की बाजी लगा दूंगा’

March 18, 2024 Off By NN Express

तेलंगाना । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को तेलंगाना के जगतियाल में रैली को संबोधित किया। यहां पीएम मोदी ने राहुल गांधी के शक्ति वाले बयान के जवाब दिया और कहा कि मैं शक्ति के लिए जान की बाजी लगा दूंगा। मेरे लिए हर मां, हर बेटी और हर बन शक्ति का स्वरूप है।

मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित रैली के दौरान राहुल गांधी ने रविवार को कहा था, ‘हिंदू धर्म में शक्ति शब्द होता है। हम एक शक्ति के खिलाफ लड़ रहे हैं। सवाल है कि वह शक्ति क्या है। राजा की आत्मा ईवीएम और देश के हर संस्था में है। ईडी में है, सीबीआई में है, आयकर विभाग में है।’

इंडी अलायंस ने अपने घोषणा पत्र में कहा कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है, जबकि मेरे लिए हर मां-हर बेटी शक्ति का रूप है। मैं भारत मां का पुजारी हूं, इसलिए अपनी शक्ति-स्वरूपा मां, बहन और बेटियों की रक्षा के लिए जान की बाजी लगा दूंगा। pic.twitter.com/VoaxqU0kDE— Narendra Modi (@narendramodi) March 18, 2024

पीएम मोदी ने ऐसा किया पलटवार


पीएम मोदी ने कहा कि कल शक्ति के विनाश की बात कही गई। कुछ लोग शक्ति को खत्म करना चाहते हैं। हम शक्ति के उपासक हैं। एक शक्ति के उपासक और विनाशक की लड़ाई है। हम नारी शक्ति का सम्मान करते हैं।

पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें


भाजपा के आधिकारिक एक्स हेंडल के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा, कल मुंबई में इंडी अलायंस की रैली थी। चुनाव घोषित होने के बाद इंडी अलायंस की ये पहली और उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण रैली थी। उस रैली में उन्होंने अपना घोषणा पत्र जारी किया और उनके घोषणा पत्र का ऐलान है कि मेरी (इंडी अलायंस) लड़ाई शक्ति के खिलाफ है।

मेरे लिए हर मां शक्ति का रूप है, हर बेटी शक्ति का रूप है। मैं इनको शक्ति के रूप में पूजता हूं और मैं इन शक्ति स्वरूपा माताओं-बहनों की रक्षा के लिए जान की बाजी लगा दूंगा।

एक ओर शक्ति के विनाश की बात करने वाले लोग हैं, दूसरी ओर शक्ति की पूजा करने वाले लोग हैं। मुकाबला 4 जून को हो जाएगा कि कौन शक्ति का विनाश कर सकता है और कौन शक्ति का आशीर्वाद प्राप्त कर सकता है…

एक ओर वो कांग्रेस पार्टी है, जिसने तेलंगाना के सपनों को कुचला है। दूसरी ओर वो BRS है, जिसने यहां के लोगों की भावनाओं का इस्तेमाल किया, सत्ता पाई और बाद में जनता से ही विश्वासघात कर दिया।

तेलंगाना निर्माण के पहले 10 वर्षों तक BRS ने तेलंगाना को जमकर लूटा और अब कांग्रेस ने तेलंगाना को अपना ATM state बना लिया है।

BRS और कांग्रेस एक दूसरे के लिए चाहे कितनी भी कवर फायर कर लें, इनकी एक एक लूट का हिसाब होता रहेगा। मोदी, तेलंगाना के लोगों को लूटने वालों को छोड़ेगा नहीं। ये मोदी की गारंटी है।